बांसवाड़ा। जिले के गढ़ी रीको औद्योगिक क्षेत्र में 13 सितंबर को हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि दो मुख्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। हत्या की वजह पुरानी रंजिश निकली, जिसने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि निजी दुश्मनी किस हद तक जानलेवा साबित हो सकती है।

घटना की शुरुआत उस समय हुई जब पुलिस को रीको औद्योगिक क्षेत्र के सुनसान इलाके में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान आनंदपुरी निवासी विकास पुत्र सुभाष भाटिया के रूप में हुई। मृतक के भाई राजा भाटिया की रिपोर्ट पर गढ़ी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से एक दिन पहले 12 सितंबर की शाम को विकास को आशापुरा मोड़ स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास कुछ लोगों के साथ देखा गया था। वहां से मिले सीसीटीवी फुटेज में विकास के साथ महेंद्र उर्फ माही, रमेश उर्फ रामा, राहुल और पंकज दिखाई दिए। पूछताछ के लिए पकड़े गए राहुल और पंकज ने खुलासा किया कि हत्या महेंद्र और रमेश की योजना पर अंजाम दी गई थी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि कुछ महीने पहले मानगढ़ के एक ढाबे पर विकास और महेंद्र के बीच विवाद हुआ था। उस विवाद ने रंजिश का रूप ले लिया और समझौते के प्रयास विफल रहे। 12 सितंबर को जब महेंद्र ने विकास को शराब की दुकान पर देखा, तो उसने रमेश को बुलाया। इसके बाद चारों ने मिलकर विकास को सुनसान इलाके में ले जाकर बुरी तरह पीटा। झाड़ियों से लकड़ियां तोड़कर हमला किया गया और जब विकास बेहोश होकर गिर पड़ा तो उसे लात-घूंसों से पीटते रहे। बाद में उसकी सांसें थमने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद दोबारा लौटकर मृतक की मौत की पुष्टि की और शव को नहर से बाहर निकालकर सड़क किनारे छोड़ दिया।

पुलिस ने पंकज और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है जबकि महेंद्र उर्फ माही और रमेश उर्फ रामा अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

गढ़ी रीको औद्योगिक क्षेत्र की इस निर्मम हत्या ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story