लाडनूं में भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक उस समय चर्चाओं में आ गई जब प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह ने पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन और संगठनात्मक रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। करणी निवास पैलेस में भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती के सूत्र भी बताए।

डॉ. अपूर्वा सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्य प्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि वे अपने विरोधियों को न्यूट्रल कर सकें और जो पहले से न्यूट्रल हैं, उन्हें अपने समर्थन में ला सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के माध्यम से राजस्थान को करोड़ों रुपये की योजनाएं मिल रही हैं, जो डबल इंजन सरकार का लाभ है।

उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र में 32 साल पुरानी पानी की समस्या के समाधान का उल्लेख करते हुए बताया कि हरियाणा से यमुना जल मिलने के बाद यह संकट हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन करने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस रिफाइनरी में 9 मिलीयन मीट्रिक टन उत्पादन होगा, जिससे देश को तेल संकट से उबरने में मदद मिलेगी।

डॉ. अपूर्वा सिंह ने आगे बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम को सभी जिलों, शहरों और पंचायतों में सामूहिक रूप से देखा जाएगा और इसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि टू वे कम्युनिकेशन के माध्यम से प्रधानमंत्री से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिसमें लोग उन्हें देख और सुन सकेंगे तथा प्रधानमंत्री भी जनता की बात सुन पाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस कार्यक्रम को सामूहिक रूप से देखने के लिए अधिक से अधिक लोग पहुंचे और अन्य साथियों को भी साथ लेकर आएं। साथ ही उन्होंने संगठन के डिजिटल प्रशिक्षण अभियान के तहत 'डिजिटल लर्निंग' को तुरंत पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने मोबाइल में 'सरल एप' डाउनलोड करें, सभी निर्देश पूरे करें और डिजिटल लर्निंग का सर्टिफिकेट प्राप्त कर उसे सोशल मीडिया पर साझा करें।

बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री देवीलाल दादरवाल ने कहा कि 6 जुलाई तक हर बूथ पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाना सभी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जिले में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के तहत 1475 बूथों पर आयोजन हुआ, जबकि केवल 3 बूथ छूट गए थे, जिन्हें अब शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि 1 से 7 जुलाई तक संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा रही हैं और हर माह दूसरे सप्ताह में होने वाली जिला बैठक इस बार 15 जुलाई से पहले कर ली जाएगी। पिछली बैठक में 95 प्रतिशत उपस्थिति रही थी, जिसे और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में अधिकतम भागीदारी का आह्वान किया।

लाडनूं के भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का महीने में एक बार संगठनात्मक बैठक में मिलना जरूरी है, जिससे विकास कार्यों और समस्याओं की जानकारी साझा कर उनका समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाडनूं के दशहरा मेला मैदान में विशाल स्क्रीन पर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

इससे पहले शहर मंडल अध्यक्ष महंत गौतमदत्त शास्त्री ने मासिक बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए डिजिटल ट्रेनिंग और ‘सरल एप’ डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि शहर मंडल में 60 कार्यकारिणी सदस्य सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और प्रत्येक बूथ पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया जाता है।

लाडनूं विधानसभा प्रभारी प्रवीण पुरोहित ने सभी का स्वागत करते हुए राज्यभर में चल रही पार्टी गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री नीतेश माथुर ने किया।

बैठक में भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुमित्रा आर्य, जिला उपाध्यक्ष जगदीश पारीक, हनुमान मल जांगिड़, राकेश शर्मा, देवाराम पटेल, दीपक जांगिड़, हनुमान प्रसाद शर्मा ध्यावा, महावीर गुर्जर, रेणु कोचर, अंजना शर्मा, नारायण लाल शर्मा, सुरेश जाजू, विष्णु भोजक, बजरंग सिंह लाछड़ी, मोहन सिंह चौहान, मदन गोपाल शर्मा, महेन्द्र सेठी, नेमाराम भानावत, सुशील पीपलवा, राजकुमार चिंडालिया, गुलाबचंद चौहान, गोविंद सिंह जोधा, श्याम सुंदर शर्मा, रूबल बड़जात्या, ईश्वर मेघवाल, नोरतन मल रैगर, तेजकरण भोजक, दानाराम जांगिड़, बच्छराज नागपुरिया, बाबूलाल प्रजापत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story