ब्यावर में सोमवार को सेंदड़ा रोड स्थित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में शिक्षा निदेशालय, बीकानेर द्वारा आयोजित सात दिवसीय 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की इस प्रतियोगिता का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेषाधिकारी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण और कपोत उड़ाकर किया।

समारोह की अध्यक्षता विधायक शंकर सिंह रावत ने की। नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी, ब्लॉगर सुरेंद्र चतुर्वेदी, जयकिशन बल्दुआ और अखिल भारतीय राज. शैक्षिक महासंघ के सचिव अमरजीत सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का फूलमाला पहनाकर, साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी (मा.) शंकरलाल शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

मुख्य अतिथि राजीव दत्ता ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में 680 छात्र और 488 छात्राएं भाग ले रही हैं। इस अवसर पर दत्ता ने वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख को राजस्थान कुश्ती संघ का जिलाध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।

राजीव दत्ता ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और प्रधानमंत्री कार्यालय का भ्रमण कराने की घोषणा भी की।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में राजस्थान के 41 जिलों की टीमों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। टीमों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। इससे पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) अनिल शर्मा, जवाजा, रायपुर, बदनौर और मसूदा के मुख्य प्रखंड शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षक तथा खेल प्रभारी गोविंद लाल सैनी मौजूद रहे। प्रतियोगिता संयोजक डॉ. निवेदिता पाठक ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन प्रधानाचार्य गुरुशरण गोयल ने किया।

प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ राजस्थान के 41 जिलों से आए खिलाड़ियों ने सात दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो स्पर्धा में अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

Next Story