ब्यावर, 25 मार्च। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग, ब्यावर द्वारा पंच गौरव योजना के अंतर्गत आज जिले के खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 60 प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों को खेल किट तथा 5 पंचायत समितियों को खेल सामग्री का वितरण किया गया। ब्यावर में खेलों को बढ़ावा देने की इस मुहिम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और प्रशिक्षण का बेहतरीन अवसर मिला है, जिससे क्षेत्र में हॉकी को एक नया मुकाम हासिल होगा।

विधायक और जिला कलेक्टर ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री शंकर सिंह रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि — "वे नवगठित ब्यावर जिले का नाम खेल के क्षेत्र में रोशन करें। राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के तहत ‘एक जिला, एक खेल—हॉकी’ की पहल निश्चित रूप से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करेगी। खेलों का व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और यह अनुशासन व आत्मविश्वास विकसित करता है।"

जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने बताया कि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता के खेल किट उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु राज्य सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है। ब्यावर जिले में हॉकी के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहे हैं और इस योजना के माध्यम से भविष्य में और अधिक खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।

सुविधाओं का विस्तार और भविष्य की तैयारी

जिला कलेक्टर ने यह भी बताया कि चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। जैतारण में हॉकी मैदान का निर्माण भी प्रगति पर है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के चयन एवं प्रशिक्षण में योगदान देने वाले ब्लॉक स्तर के शारीरिक शिक्षकों एवं कोचों को भी सम्मानित किया गया।

जिला खेल अधिकारी श्री दिनेश चौधरी ने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों में जोश एवं उत्साह देखने को मिल रहा है और उन्होंने इस पहल के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अजमेर एवं पुष्कर भ्रमण के साथ पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम अजमेर के एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण दल को मिली हरी झंडी

कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर द्वारा खिलाड़ियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो पुष्कर में प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम में भाग लेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट, उपखंड अधिकारी श्री दिव्यांश सिंह, पूर्व सभापति श्री नरेश कनोजिया, हॉकी कोच, शारीरिक शिक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story