ब्यावर। जिला कलक्टर कमल राम मीणा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी गैस की आमद, विक्रय, स्टॉक, बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला परिषद सीईओ गोपाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र कुमार तथा जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक सहित जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।

गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति और बैकलॉग की समीक्षा

बैठक के दौरान एजेंसी संचालकों ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जिले में गैस सिलेंडर बुकिंग के अनुसार दो से तीन दिन का बैकलॉग चल रहा है, जबकि एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस कंपनियों की ओर से नियमित और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। वर्तमान में उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद नई बुकिंग पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला कलक्टर के कड़े निर्देश और ई-केवाईसी प्रक्रिया

जिला कलक्टर ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि "पेट्रोलियम कंपनियों और राज्य सरकार की गाइडलाइन की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।" उन्होंने निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद FIFO (फर्स्ट इन फर्स्ट आउट) के आधार पर प्राथमिकता से होम डिलीवरी की जाए तथा जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित है, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी करवाई जाए।

कालाबाजारी पर रोक और विजिलेंस जांच की तैयारी

कलक्टर कमल राम मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि "किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए और घरेलू गैस सिलेंडरों का वाणिज्यिक उपयोग नहीं किया जाए।" उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडरों का भंडारण केवल निर्धारित गोदाम स्थल पर ही किया जाए, अन्य स्थानों पर भंडारण नहीं किया जाएगा। जिले में गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी की रोकथाम के लिए विजिलेंस जांच दल का गठन कर जांच करवाई जाएगी और साथ ही गैस एजेंसियों से प्रतिदिन स्टॉक की सूचना भी ली जा रही है।

जिला प्रशासन की उपभोक्ताओं से अपील

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिले में एलपीजी आपूर्ति सामान्य है, इसलिए आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं और किसी भी आशंका के चलते अनावश्यक बुकिंग या सिलेंडरों का भंडारण न करें।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story