केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर शुक्रवार सायं 7 बजे जिला प्रशासन द्वारा सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में हवाई हमले, आगजनी व बम विस्फोट जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए वास्तविक रूप में नागरिक सुरक्षा योजनाओं (मॉक ड्रिल) का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल की शुरुआत दो मिनट के एयर रेड चेतावनी सायरन से हुई, जिसने पूरे परिदृश्य को वास्तविक आपदा जैसी स्थिति में परिवर्तित कर दिया।

पूर्वाभ्यास के दौरान हमले में घायल हुए 6 बालकों को सुरक्षित बाहर निकालने, उन्हें प्राथमिक उपचार देने, सीपीआर प्रदान करने तथा रोगी वाहनों के माध्यम से कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय में बनाए गए अस्थायी आपातकालीन वार्ड तक ग्रीन कॉरिडोर के जरिए पहुंचाने की प्रक्रिया का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता को परखा गया।

जिला कलक्टर कमलराम मीना ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान अग्निशमन दल द्वारा आग बुझाने की कार्यवाही, सर्च ऑपरेशन तथा पुलिस द्वारा भीड़ और यातायात नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।

रात्रि 8 बजे से अजमेर रोड स्थित ओके प्लस रेसीडेंसी समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में ब्लैक आउट का पूर्वाभ्यास किया गया, जिससे आपात स्थिति में आवश्यक सतर्कता और व्यवस्थाओं को परखा जा सके।

अभ्यास के दौरान जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अति. जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अति. पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र कुमार शर्मा, तहसीलदार हनुंत सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, प्रधान चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान, वृत्ताधिकारी राजेश कुमार कसाना, साकेत नगर थानाधिकारी जयपाल सिंह जैतावत, सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, अग्निशमन शाखा प्रभारी ताराचंद भट्ट, प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा, जिला परिषद के अति. मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाललाल मीना, आरएसी आरक्षक, नर्सिंग कर्मी, नागरिक रक्षा दल के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट व स्काउट-गाइड मौजूद रहे।

मॉक ड्रिल की विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी, जिससे भविष्य में आपदा प्रबंधन योजनाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story