ब्यावर। प्रदेश की लोक निर्माण एवं महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री तथा चित्तौड़गढ़ जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. मंजू बाघमार के पिता स्वर्गीय विशनलाल बाघमार (86) के निधन से ब्यावर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। मातमपुरसी के लिए शहर में सोमवार को अति विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही दिनभर जारी रही, जहां राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोमवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी तथा शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शाहपुरा मोहल्ला स्थित राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार के पैतृक आवास पहुंचे। मंत्रियों ने स्व. विशनलाल बाघमार के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। शोकसभा के दौरान वातावरण पूरी तरह गमगीन रहा और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई।

इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत, नगर परिषद के पूर्व सभापति नरेश कन्नौजिया तथा जिला कलेक्टर कमलराम मीना भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त खींवसर विधायक रेवंत राम डागा एवं चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने भी ब्यावर पहुंचकर दिवंगत स्व. विशनलाल बाघमार को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और परिवार के साथ शोक साझा किया।

स्व. विशनलाल बाघमार के निधन पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की यह उपस्थिति न केवल उनके सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान को दर्शाती है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि बाघमार परिवार का सार्वजनिक जीवन में विशेष स्थान रहा है। शहर में शोक और संवेदना का यह क्रम दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story