ब्यावर में 4978 करोड़ रुपये की वार्षिक साख योजना 2026-27 अनुमोदित
जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में डीएलसीसी बैठक आयोजित, आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ऋण लक्ष्यों और बैंकिंग प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर बैंकर्स को निर्देश।

ब्यावर कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय परामर्श एवं समीक्षा समिति की बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि।
ब्यावर, 06 मार्च। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री कमल राम मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय वर्ष 2025–26 की तृतीय तिमाही (दिसम्बर 2025) की जिला स्तरीय परामर्श एवं समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 4978.00 करोड़ रुपये की वार्षिक साख योजना का अनुमोदन किया गया।
सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश
बैठक के दौरान कलक्टर श्री मीना ने सभी बैंकर्स को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व पूर्ण करने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि "जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए।" कलक्टर ने विभिन्न सरकारी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों एवं बैंकर्स को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश प्रदान किए।
बैंकिंग प्रगति एवं कृषि अवसंरचना पर चर्चा
इस अवसर पर श्री मनीष मांडल, सहायक महाप्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक, जयपुर ने बकाया खातों में री-केवाईसी की प्रगति बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं श्री आशीष जैन, डीडीएम नाबार्ड ने नाबार्ड द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कृषि अवसंरचना के विकास के लिए आवश्यक सुझाव प्रदान किए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट भी उपस्थित रहे।
साख-जमा अनुपात एवं एनपीए स्थिति की समीक्षा
बैठक का संचालन राजेश कुमार परमार, अग्रणी जिला प्रबंधक, ब्यावर ने किया। उन्होंने जिले के बैंकिंग नेटवर्क, बैंक शाखाओं के साख-जमा अनुपात, वार्षिक साख योजना 2025–26 की प्रगति तथा एनपीए खातों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। अंत में उप क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
