बारां। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नशा-विनाश’ के तहत बारां पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 184 ग्राम स्मैक (135 ग्राम शुद्ध स्मैक व 49 ग्राम टांका) जब्त की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 37 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए जिलेभर में अभियान को सख्ती से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन व वृताधिकारी ओमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना सदर बारां के थानाधिकारी हीरालाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों — श्यामसुन्दर पुत्र चांदमल सांसी (45) निवासी अरनियां नील थाना मेहन्दवास, जिला टोंक, और मनोज कुमार पुत्र ईश्वरलाल गुर्जर (25) निवासी हनुमानपुरा थाना दूनी, जिला टोंक — को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 135 ग्राम शुद्ध स्मैक और 49 ग्राम टांका स्मैक बरामद की।

बरामद मादक पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना सदर बारां में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण संख्या 255/2025 दर्ज किया गया है। मामले की जांच योगेश चौहान, थानाधिकारी कोतवाली बारां को सौंपी गई है।

एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कड़ियों की गहनता से जांच जारी है। बारां पुलिस नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस टीम में थानाधिकारी हीरालाल के साथ कांस्टेबल कौशल किशोर, सुरेश, गजेन्द्र और चालक रामबाबू शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई ने जिले में नशे के कारोबार पर एक और सख्त प्रहार किया है, जिससे अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story