बारां। अंता विधानसभा उपचुनाव के बीच सोमवार को साकली गांव के मतदान केंद्र संख्या 219 पर एक अभूतपूर्व स्थिति देखने को मिली, जब पूरे गांव ने मतदान प्रक्रिया का बहिष्कार कर प्रशासन के खिलाफ खुला विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने जर्जर सड़क, तालाब और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताते हुए मतदान नहीं करने का निर्णय लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इन बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की अनदेखी ने उन्हें मजबूर कर दिया कि वे मतदान से दूरी बना लें। ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे मतपेटियों की ओर नहीं जाएंगे।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा भी ग्रामीणों के समर्थन में मौके पर पहुंच गए और उनके साथ धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग उठाई, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।

अंता उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर हवाई सिंह यादव ने बताया कि प्रशासनिक टीम ग्रामीणों से लगातार संवाद कर रही है और समझाइश का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दायरे में रहते हुए ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।

साकली गांव में कुल 736 मतदाता पंजीकृत हैं, किंतु ग्रामीणों के सामूहिक बहिष्कार के चलते अब तक एक भी मत नहीं डाला गया है। वहीं, अंता विधानसभा क्षेत्र में दोपहर तक लगभग 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था।

गांव में जारी इस विरोध ने न केवल स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है, बल्कि उपचुनाव की गरमाहट के बीच यह प्रकरण ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर एक गहरी बहस को भी जन्म दे रहा है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story