बारां। अन्ता विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक मतों से विजयी होने के बाद नव निर्वाचित विधायक प्रमोद जैन भाया ने मंगलवार को विधानसभा सचिवालय में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने बारां जिले के किसानों की यूरिया खाद की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा।

कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि पत्र में विधायक ने बारां जिले में इस वर्ष अधिक वर्षा के कारण फसलें बर्बाद होने की बात उजागर की। रबी फसलों की बुवाई के समय किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे अन्नदाता गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।

विधायक प्रमोद जैन भाया ने पत्र में विशेष रूप से कोटा जिले की सीमा पर स्थित ग्राम गढेपान में चम्बल फर्टिलाइजर्स केमिकल्स लिमिटेड (सीएफसीएल) फैक्ट्री का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाला प्रदूषित वेस्टेज पानी और चिमनी से निकलने वाला धुआं बारां जिलेवासियों के लिए भी हानिकारक है। इस प्रदूषित पानी का कालीसिन्ध नदी में मिलना और बावजूद इसके फैक्ट्री से बारां जिले के किसानों को पर्याप्त यूरिया खाद न मिलना चिंताजनक स्थिति पैदा कर रहा है।

भाया ने बताया कि नवम्बर माह 2025 के लिए बारां जिले के किसानों के लिए 27,000 टन यूरिया का कोटा आरक्षित किया गया था, लेकिन अब तक केवल 15,000 टन ही उपलब्ध हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि नवम्बर माह का शेष कोटा तत्काल उपलब्ध करवाया जाए और दिसंबर 2025 में भी पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित लक्ष्य अनुसार यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो बारां जिले के किसानों के हित में 2 दिसंबर 2025 को ग्राम गढेपान स्थित सीएफसीएल फैक्ट्री के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

इस पत्र और धरना प्रदर्शन की संभावना ने क्षेत्र में किसानों की चिंता को और गहरा दिया है। यह कदम स्थानीय कृषि संकट की ओर ध्यान आकर्षित करने के साथ-साथ राज्य सरकार पर किसानों की आपूर्ति सुनिश्चित करने का दबाव भी बढ़ा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story