बारां/अटरू। आदर्श विद्या मन्दिर अटरू द्वारा खेड़ली बांसला के श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में भव्य सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, भारतीय जीवन मूल्य, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण के महत्व पर जोर दिया गया। यह कार्यक्रम झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की 197वीं जयंती की पूर्व संध्या पर नारी शक्ति दिवस के रूप में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की आचार्या अंतिमा शर्मा ने की, इसके पश्चात आचार्या कुमकुम जांगिड़ एवं बहनों द्वारा सामूहिक गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे संतोष बाई, आंगनबाड़ी सहयोगिनी, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में रामलीला मीणा, शारिरिक शिक्षिका महात्मा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय अटरू, ने नारी सशक्तिकरण और विद्या भारती के विशेष योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम संयोजिका सीमा मेघवाल ने कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की। आचार्या कोमल पारीक ने रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया। इसके बाद मातृभारती की बहिनों द्वारा समाज में विशिष्ट कार्य कर रही माताओं का सम्मान भी किया गया। अनुभव कथन में उर्मिला बाई और कंचन बाई ने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति को दिव्या सुमन, सह-समन्वयिका, द्वारा संकल्प दिलवाया गया कि हम नारी शक्ति हैं और अपने परिवार को एकजुट रखेंगे। कार्यक्रम की प्रस्तावना आचार्या नेहा नागर ने की, अतिथियों का स्वागत आचार्या विवती सरकार ने किया। अंत में आचार्या लक्ष्मी नागर ने आभार ज्ञापन और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

विद्या भारती प्रचार विभाग, अटरू, ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति को जागरूक करना, सामाजिक कर्तव्यों और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बनाना और भारतीय मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना था।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story