कोटा। दीपावली के उल्लास के बीच जहां चारों ओर आतिशबाज़ी की चमक थी, वहीं इंद्र विहार स्थित सीमंधर जिनालय में इस बार कुछ अलग ही दृश्य देखने को मिला। कुंदकुंद पाठशाला द्वारा रविवार को आयोजित सामूहिक पूजन और दीपावली समारोह में बच्चों ने पटाखों से दूरी बनाकर अहिंसा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर के सिद्धांतों की वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने सामूहिक रूप से दीप जलाए और ‘अहिंसा का दीप’ प्रज्वलित करते हुए पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संकल्प लिया। पाठशाला की इस अनूठी पहल के तहत उन बच्चों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया जिन्होंने पूरे वर्ष पटाखे नहीं चलाने और अहिंसा के मार्ग पर चलने का व्रत निभाया।

समारोह में अभिलाष शास्त्री, मेघा पटौदी, महेंद्र जैन, गायका हरसौरा और चंद्र प्रकाश हरसौरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों की इस जागरूक पहल की सराहना करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी में यदि ऐसे संस्कार रोपित होते हैं तो समाज में शांति और सद्भाव के दीप अवश्य जलेंगे।

पाठशाला निर्देशिका सीमा हरसौरा ने सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल दीपावली मनाने का नहीं, बल्कि मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों की संवेदनशीलता और उनके अहिंसामय दृष्टिकोण को “समाज के उज्जवल भविष्य की नींव” बताया।

सीमंधर जिनालय में हुई इस सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहल ने यह संदेश दिया कि दीपों का त्योहार केवल प्रकाश का नहीं, बल्कि मन की शांति, करुणा और सद्भाव का भी प्रतीक है। कुंदकुंद पाठशाला की इस पहल ने समाज में अहिंसा, पर्यावरण-अनुकूलता और संस्कारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story