अविनाश गहलोत ने देवनारायण योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान हेतु छात्रवृत्ति, स्कूटी वितरण और आवासीय विद्यालयों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति जांची।

जयपुर के अंबेडकर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार और अन्य विभागीय अधिकारी।
जयपुर, 7 अप्रैल। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने मंगलवार को देवनारायण योजना के अंतर्गत अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। विभाग के मुख्यालय अंबेडकर भवन के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में समेकित बाल विकास सेवाएं, महिला एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, कॉलेज शिक्षा, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा राजस्थान कॉ-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
योजनाओं की विस्तृत समीक्षा और प्रगति पर चर्चा
बैठक के दौरान श्री गहलोत ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति से सभी को अवगत करवाया। इस अवसर पर देवनारायण छात्रवृति योजना-उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजना, देवनारायण छात्रवृत्ति योजना-पूर्व मैट्रिक छात्रवृति योजना, देवनारायण गुरुकुल योजना, देवनारायण अनुप्रति योजना, देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण एवं प्रोत्साहन राशि योजना, देवनारायण आदर्श छात्रावास संचालन, देवनारायण आवासीय विद्यालय संचालन और देवनारायण बालक एवं बालिका महाविद्यालय संचालन सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण योजनाओं में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री की मंशा और सरकार का संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए श्री गहलोत ने कहा कि "मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है।" उन्होंने आगे जानकारी दी कि "देवनारायण बोर्ड की निरंतर समीक्षा बैठकों और मॉनिटरिंग के चलते योजनाओं में निरंतर सुधार आ रहा है।" हाल ही 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में अध्यनरत छात्रों ने बेहतरीन परिणाम दिखाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों की निरंतर पालना सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासनिक निर्देश और सुधार की प्रतिबद्धता
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री दिनेश कुमार ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में निदेशक श्री ललित कुमार ने विश्वास दिलाया कि "बैठक में आए सुझावों के आधार पर योजनाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा।" बैठक में अतिरिक्त निदेशक श्री सुंडाराम मीणा ने पीपीटी के जरिए विभिन्न योजनाओं की प्रगति और बजट के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
बोर्ड प्रतिनिधियों और संघर्ष समिति की सहभागिता
समीक्षा बैठक में कॉलेज शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता, महिला एवं बाल विकास सहित सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही, देवनारायण बोर्ड के प्रतिनिधि और सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री विजय सिंह बैंसला ने समिति से जुड़े विषयों पर अधिकारियों से गहन चर्चा की। इस विशेष अवसर पर देवनारायण बोर्ड और समिति के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
