टोंक, शादियों के मौसम में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत टोंक जिले के टोडारायसिंह में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जयपुर रोड स्थित महेंद्र किराना स्टोर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी के निर्देशन और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन लाल गुजर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ‘विमल’ ब्रांड का पान मसाला, ‘जयपुरी’ ब्रांड के टोस्ट और ‘टेढ़े-मेढ़े’ ब्रांड के कुरकुरे के नमूने लिए गए। साथ ही मौके पर मौजूद लगभग 298 किलो पान मसाला, 35 कार्टून कुरकुरे और 21 कार्टून टोस्ट को जांच रिपोर्ट आने तक सीज कर विक्रेता की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुजर ने बताया कि उक्त सभी उत्पादों में मिलावट का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में मिलावट साबित होने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अभियान की यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला और जिला कलक्टर श्रीमती कल्पना अग्रवाल के निर्देश पर की गई थी। अधिकारी गुजर ने बताया कि विवाह समारोहों के सीजन को देखते हुए विभाग द्वारा जिलेभर में नियमित रूप से खाद्य सामग्री के नमूने लिए जा रहे हैं ताकि लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध आहार पहुंच सके।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर प्रसाद, तिलक वर्मा, जितेंद्र और पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा ताकि मिलावटखोरी पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।

Updated On
Next Story