विशेष गहन पुनरीक्षण में कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील: ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा—नवीन मतदाता जोड़ें, दोहरे और मृत नाम हटवाएं
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने नवीन मतदाताओं को जोड़ने, दोहरे और मृत नाम हटाने तथा मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कोटा/सांगोद, 2 नवम्बर।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को जिम्मेदारी से घर-घर जाकर सहयोग करना चाहिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सांगोद नगर, देहात, बपावर, कनवास, देवली, सिमलिया और दीगोद मंडलों के कार्यकर्ता मोबाइल के माध्यम से वर्चुअली जुड़े। मंत्री नागर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को क्षेत्रवार टीम बनाकर मतदाता सूचियों का गहन अध्ययन करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता की स्थिति, निवास स्थान और संपर्क विवरण की सटीक जानकारी एकत्र की जाए ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से छूटे नहीं।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि दिसंबर 2007 तक जन्मे सभी व्यक्ति नवमतदाता की श्रेणी में आएंगे, जबकि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी न केवल बीएलओ की है बल्कि कार्यकर्ताओं को भी बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्य में पूरा सहयोग देना चाहिए।
मंत्री नागर ने मतदाता सूची में दोहरे नामों और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार के मुखिया का मूल्यांकन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सूची में केवल पात्र मतदाता ही अंकित हों। साथ ही जिन पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, उनके नाम बीएलओ के माध्यम से तत्काल जुड़वाए जाएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नवीन मतदाता का नाम जोड़ने के लिए वेरिफिकेशन के दौरान या तो परिवार के निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी या फिर वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नाम की प्रति प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sec.rajasthan.gov.in
पर उपलब्ध है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री नागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता पर निर्भर करती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को सामाजिक दायित्व समझकर निभाए।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
