बारां, 9 नवम्बर। अंता विधानसभा उपचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में मतदाता जागरूकता के विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में सतरंगी सप्ताह के सप्तम दिवस पर “लालच पर होगी चोट, सोच-समझकर करेंगे वोट” थीम के तहत जिलेभर में विशेष स्वीप (SVEEP) कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसने मतदाता जागरूकता को नया आयाम दिया।

सीसवाली स्थित माता भगवती देवी देव संस्कृति महिला महाविद्यालय के ईएलसी (इलेक्शन लिटरेसी क्लब) सदस्यों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सजाया। कॉलेज परिसर में एक आकर्षक “वोट वृक्ष” तैयार किया गया, जिस पर लोकतंत्र और मतदान से जुड़े प्रेरक स्लोगन लगाए गए तथा रंगीन लाइटिंग से सजावट की गई। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था को सशक्त बनाते हुए निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मत देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से मतदाता अपने नाम की जानकारी, मतदान केंद्र की लोकेशन और अन्य विवरण प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने सीविजिल ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन अथवा किसी भी राजनीतिक अनियमितता की शिकायत इस ऐप के माध्यम से दर्ज की जा सकती है, जिसका निपटान 100 मिनट के भीतर किया जाता है।

इसके साथ ही स्वीप सह प्रभारी एवं एएओ महेश कुमार छंदक के नेतृत्व में सीसवाली खाड़ी के तट पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु दीपों से सजाई गई रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. डॉली माहेश्वरी, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय मतदाता उपस्थित रहे।

जिलेभर में आयोजित ऐसे नवाचारी प्रयास न केवल लोकतांत्रिक चेतना को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि 11 नवम्बर को होने वाले मतदान दिवस को लोकतंत्र का वास्तविक उत्सव बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story