बारां। अंता विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की राजनीति इस समय पूरी तरह हवा में तैर रही है। एक ओर जहां कुछ प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी ओर बाकी प्रत्याशी घर-घर जनसंपर्क के माध्यम से जनता तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन इन सारी हलचलों के बीच मतदाता अब भी मौन हैं — वे अभी भी “तुम्हारी भी जय जय, हमारी भी जय जय” के बीच असमंजस की स्थिति में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय मतदाताओं का कअंता उपचुनाव: हवा में उड़ रही है राजनीति, धरातल पर काम तलाश रहे मतदाताहना है कि पिछले चुनाव में उन्होंने कंवरलाल मीणा को इस उम्मीद से समर्थन दिया था कि वह क्षेत्र के लिए धरातल पर काम करेंगे। मगर अब स्थिति यह है कि जनता उन वादों को धरातल पर ढूंढ रही है। मतदाताओं का कहना है कि उन्हें अब ऐसे प्रत्याशी की जरूरत है जो केवल हवा में वादे न करे, बल्कि चुनाव जीतने के बाद भी जनता के बीच रहकर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे।

समझदार मतदाता मानते हैं कि इस बार मतदान पूरी समझदारी के साथ किया जाएगा। न जाति, न धर्म और न ही किसी प्रकार के भय का असर — मतदाता अब विकास के मुद्दों पर वोट डालना चाहते हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि अब समय स्थाई राजनीति और सशक्त नेतृत्व का है, न कि खोखले वादों और चुनावी नारों का।

दूसरी ओर, क्षेत्र के कुछ मतदाता यह भी कहते हैं कि आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने किसानों और आम जनता की समस्याओं को पूरे दमखम से नहीं उठाया। ऐसे में यदि कोई उम्मीदवार इन मुद्दों को निडरता से सामने लाने की हिम्मत रखता है, तो जनता उसे अवश्य मौका देगी।

राज्य में भाजपा की सरकार होने के कारण भाजपा प्रत्याशी को संगठन, नेताओं और सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनता की सहानुभूति कितनी झुकती है, यह आने वाले परिणामों से तय होगा। तीनों प्रमुख प्रत्याशी — भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय — अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाकर जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। मतदाता भी इस बार ढाई साल के छोटे कार्यकाल के बावजूद बदलाव की सोच रखते हुए विचार-विमर्श कर रहे हैं।

अंता विधानसभा उपचुनाव में कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा, कांग्रेस और एक निर्दलीय उम्मीदवार के बीच त्रिकोणात्मक होता दिख रहा है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी अंता क्षेत्र का दौरा किया और सांसद दुष्यंत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया।

इस बीच, कानून-व्यवस्था की दृष्टि से जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह चौकस बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

अंता के मतदाताओं की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि इस बार वे किसे चुनते हैं — हवा में वादे करने वाले नेता को, या धरातल पर विकास करने वाले जनप्रतिनिधि को। आने वाले नतीजे इस असमंजस को समाप्त करेंगे और जनता के मूड का सटीक संकेत देंगे।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story