अंता उपचुनाव में शक्ति प्रदर्शन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे का मांगरोल में भव्य रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं में उमड़ा उत्साह
अंता विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मांगरोल में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में भव्य रोड शो किया। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुए इस आयोजन ने चुनावी माहौल को पूरी तरह भाजपा के पक्ष में मोड़ दिया।

बारां। अंता विधानसभा उपचुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रचार अभियान को नई गति दे दी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मांगरोल कस्बे में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में ऐतिहासिक रोड शो कर माहौल को पूरी तरह भाजपा रंग में रंग दिया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद दुष्यंत सिंह, मंत्री जोगाराम पटेल, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सुभाष चौक से शुरू हुआ यह रोड शो आज़ाद चौक होते हुए सीसवाली तिराहे तक पहुंचा, जहां हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
हैलीपैड पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत सांसद दुष्यंत सिंह और स्थानीय नेताओं ने किया। भाजपा मीडिया विभाग कोटा संभाग के सहसंयोजक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए विशेष रूप से दो रथ तैयार किए गए थे, जिन पर मुख्यमंत्री शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री राजे, उपमुख्यमंत्री बैरवा, मंत्री पटेल और प्रत्याशी सुमन सवार थे। पूरे कस्बे में 51 स्वागत द्वार सजाए गए थे, जहां आमजन और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच नेताओं का अभिनंदन किया। घरों की छतों और बालकनियों से महिलाओं और बालिकाओं ने पुष्पवर्षा कर अपने उत्साह का इज़हार किया।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंता की जनता से भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि बीते 22 महीनों में प्रदेश ने विकास की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान, किसानों को सशक्तिकरण, गैंगस्टरों पर कठोर कार्रवाई, रामजलसेतू लिंक परियोजना जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से राजस्थान को विकसित राज्य 2047 की दिशा में अग्रसर किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंता की जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा का साथ देगी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अंता क्षेत्र में राम जलसेतु लिंक परियोजना (संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल) के तहत 9416.7 करोड़ रुपये की लागत से तीन पैकेजों के कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा गणेशगंज नहरी तंत्र की मरम्मत के लिए 15 करोड़ रुपये की निविदा जारी हो चुकी है। हरसोली और अंता तालाबों की मरम्मत तथा पचेल कलां गांव में एनीकट के जीर्णोद्धार का कार्य भी शीघ्र शुरू होने जा रहा है।
शर्मा ने बताया कि मांगरोल से पार्वती नदी तक बाणगंगा की रिसेक्सनिंग के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। वहीं 862 करोड़ रुपये की लागत से चंबल नदी मुख्य नहर की शेष 56 किलोमीटर लंबाई की पक्की लाइनिंग का कार्य और 353 करोड़ रुपये की लागत से वितरिकाओं व माइनर के सुधार कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से अंता के किसानों को सिंचाई का बड़ा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके साथ ही 174 करोड़ रुपये की लागत से माल-बामोरी-मांगरोल-बारां सड़क का चौड़ीकरण, मऊ से लालकोठी तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे विकास कार्य गति पर हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी अंता में आयुष्मान मॉडल सीएचसी और बमोरी कलां में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन सभी समाजों के प्रत्याशी हैं, और उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “यह क्षेत्र मेरे आत्मीय संबंधों से जुड़ा है, और मुझे विश्वास है कि मांगरोल और अंता की जनता भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।”
अंत में प्रत्याशी मोरपाल सुमन और जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने भी सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मतदान दिवस पर अधिकतम मतदाताओं को बूथ तक लाने का संकल्प लिया।
मांगरोल का यह रोड शो न केवल राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन था, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठनात्मक एकता का प्रतीक भी बन गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
