बारां, 1 नवम्बर।

अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 को लेकर बारां जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने राजकीय महाविद्यालय परिसर स्थित मतगणना स्थल का विस्तृत निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, अपर जिला कलेक्टर जब्बर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजवीर सिंह चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और रिटर्निंग अधिकारी हवाई सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर तोमर ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश मार्ग, स्ट्रांग रूम, मीडिया सेंटर, पार्किंग, बिजली और संचार व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए तथा सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे मतगणना प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि मतगणना स्थल पर तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मतगणना हॉल की सतत निगरानी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि मीडिया कवरेज की सुविधा, पर्यवेक्षकों के बैठने की व्यवस्था और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित की जा रही है।

लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी: शत-प्रतिशत मतदान के लिए मानव श्रृंखला और बैंड वादन से दी प्रेरणा

अंता विधानसभा क्षेत्र में स्वीप कार्यक्रम के तहत ‘हाथ से हाथ मिलाए, लोकतंत्र मजबूत बनाए’ थीम पर मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी ने नागरिकों से 11 नवम्बर को होने वाले उपचुनाव में निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।

सीसवाली मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने ब्रास बैंड की मधुर धुनों से वातावरण को जीवंत बना दिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लिए “11 नवम्बर नोट करें, निर्भय होकर वोट करें” जैसे नारे लगाते हुए मानव श्रृंखला बनाकर मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने उपस्थित जनसमूह को निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन एप्लीकेशनों की जानकारी दी और मतदान से संबंधित शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझाई। मौके पर एसडीओ सौरभ भाम्बू, विकास अधिकारी सुरेश गोदारा, ईओ भावेश रजक, तहसीलदार बृजेश कुमार शिहरा, सहित कई अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों की कार्यशाला आयोजित

आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की कार्यशाला आयोजित की गई। जिला परिषद सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षकों सुनील शर्मा, ऋचा वर्मा और पूनम गौतम ने प्रतिभागियों को मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन और ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे तथा मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे।

इसी क्रम में छबड़ा में भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ, जिसमें एसडीएम रामसिंह गुर्जर, एसडीएम छीपाबड़ौद अभिमन्यु सिंह कुन्तल, और अन्य अधिकारियों ने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्य निष्पादन का प्रशिक्षण दिया।

होम वोटिंग की शुरुआत आज से, मतदान दल रवाना

अंता विधानसभा उपचुनाव में 85 वर्ष से अधिक आयु और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा के रूप में होम वोटिंग प्रक्रिया रविवार से प्रारंभ होगी। शनिवार को जिला परिषद सभागार में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान कार्य के लिए रवाना किया गया।





प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना, पारदर्शिता और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस प्रक्रिया के लिए कुल 10 मतदान दलों का गठन किया गया है।

इसके अलावा, निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को तैयार करने के लिए मिनी सचिवालय स्थित अटल सेवा केंद्र में प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जहां सह प्रभारी पूनम पाटनी ने मशीनों के रखरखाव और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। ईवीएम मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन रविवार सुबह 11 बजे किया जाएगा।

इस प्रकार, बारां जिला प्रशासन ने अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story