राजेंद्र शर्मा, बारां।

अंता विधानसभा उपचुनाव का राजनीतिक तापमान चरम पर है। मतदान की तिथि 11 नवंबर नजदीक आते ही चुनावी समर और भी रोमांचक बनता जा रहा है। क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणात्मक संघर्ष स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जबकि मतदाता अब भी चुप्पी साधे हुए हैं। यह मौन ही 11 नवंबर को मतदान पेटियों में गूंजेगा और परिणाम तय करेगा।

चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत प्रशासनिक और पुलिस महकमे ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन लगातार मतदाताओं से अपील कर रहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

इस बीच, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार, 4 नवंबर को अंता और सीसवाली में बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। राजे का यह दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी भी पूरी टीम के साथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जनसंपर्क में जुटे हैं। स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देते हुए वे मतदाताओं से जुड़ने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

उधर, निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी अलग शैली और जनसरोकारों से जुड़ी रणनीति के साथ मैदान में डटे हुए हैं, जिन्होंने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। हालांकि अन्य निर्दलीय उम्मीदवार अभी तक मतदाताओं पर कोई खास असर छोड़ते नहीं दिख रहे हैं।

क्षेत्र में मतदाताओं का मूड अब भी रहस्यमय है। विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर जनता असंतोष जाहिर कर रही है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता आते हैं, वादे करते हैं, और फिर गायब हो जाते हैं। इस बार मतदाता अपने स्थानीय मुद्दों और स्थानीय उम्मीदवार को प्राथमिकता दे रहे हैं।

राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में अंदरुनी असंतोष व “अंडरकटिंग” की चर्चाएं भी तेज हैं। कौन-सा धड़ा किसका वोट बैंक काटेगा, यह परिणामों पर निर्णायक असर डाल सकता है। कांग्रेस प्रत्याशी जहां अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने का वादा कर रहे हैं, वहीं भाजपा प्रत्याशी ने “कड़ी से कड़ी जोड़कर विकास” का संकल्प लिया है। निर्दलीय उम्मीदवार ने किसानों और आमजन के हितों की रक्षा को अपनी मुख्य प्रतिबद्धता बताया है।

चुनाव घोषणा से पहले ही कुछ प्रत्याशियों ने क्षेत्र में अपनी “राजनीतिक चौसर” बिछा ली थी, जिससे अब मुकाबला और भी दिलचस्प बन गया है। अंतिम चरण में जब जनता अपने मत का फैसला करेगी, तभी स्पष्ट होगा कि विकास, जनसरोकार या स्थानीय समीकरण — किस कारक ने जनता का मन जीता।

11 नवंबर का मतदान न केवल अंता विधानसभा की राजनीतिक दिशा तय करेगा, बल्कि यह भी दिखाएगा कि मतदाता अब भी “आया राम-गया राम” की राजनीति को कितना स्वीकार करते हैं या नहीं। यह चुनाव क्षेत्र के भविष्य और राजनीति की नई पटकथा लिखने वाला साबित हो सकता है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story