अंता विधानसभा उपचुनाव-2025 के तहत मतदान से पूर्व प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सभी मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिले में कुल 268 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां पर 11 नवम्बर को मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होगी।

मतदान दलों की रवानगी से पूर्व राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बारां के मैदान में अंतिम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण स्थल पर विशाल पाण्डाल, हेल्प डेस्क, पेयजल सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल सभी कर्मियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि मतदान दलों को सुबह 8 बजे से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें मतदान दिवस से जुड़ी सभी गतिविधियों, नियमों और सावधानियों की जानकारी विस्तार से दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद दलों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी, जिसके बाद वे अपने आवंटित वाहनों से पुलिस बल, वीडियोग्राफर और माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना होंगे। प्रत्येक दल को मार्ग में स्थित चेक पोस्ट पर अनिवार्य रूप से एंट्री दर्ज करानी होगी।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहेंगे ताकि प्रक्रिया पारदर्शिता और अनुशासन के साथ पूरी की जा सके।

उधर, चुनाव प्रचार का शोर भी रविवार शाम 6 बजे के बाद पूरी तरह थम गया है। निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व सभी प्रकार के सार्वजनिक सभाएं, जुलूस, टेलीविजन या अन्य माध्यमों से प्रचार पूरी तरह वर्जित कर दिए गए हैं। इस अवधि में लाउडस्पीकरों का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही जो व्यक्ति उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता या प्रत्याशी नहीं है, उसे प्रचार समाप्ति के बाद उस क्षेत्र में ठहरने की अनुमति नहीं होगी।

इन सभी व्यवस्थाओं के साथ प्रशासन ने अंता विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु मतदान संपन्न कराने की अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story