बारां। अंता विधानसभा क्षेत्र में 11 नवम्बर को होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी तैयारियां पूरी गति से जारी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से 9 नवम्बर की शाम 6 बजे से 11 नवम्बर शाम 6 बजे तक किसी भी बाहरी राजनीतिक व्यक्ति को विधानसभा क्षेत्र में नहीं ठहरने दिया जाएगा। यह प्रतिबंध उन राजनैतिक कार्यकर्ताओं पर लागू होगा जो उस निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता या उम्मीदवार नहीं हैं और न ही सांसद या विधायक हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता, जुलूस या अभियान में शामिल सभी बाहरी लोग क्षेत्र में उपस्थित नहीं रह सकते हैं, क्योंकि उनकी उपस्थिति स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के माहौल को प्रभावित कर सकती है। निर्वाचन क्षेत्र के होटल, लॉज, धर्मशाला, मैरिज हॉल तथा निजी आवासों में बाहरी व्यक्तियों की निगरानी के लिए विशेष गश्त दल तैनात किए गए हैं। क्षेत्र की सीमाओं पर स्थापित जांच चौकियों के माध्यम से बाहर से आने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। गैर-राजनैतिक व्यक्तियों को केवल उचित उद्देश्य प्रमाणित करने पर क्षेत्र में रहने की अनुमति दी जाएगी।

जिला अधिकारी ने बताया कि शराब, अवैध धन, कीमती धातु, मुफ्त उपहार वितरण और सामूहिक भोज पर भी चौकसी बरती जाएगी। मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से सूखा दिवस रहेगा और इस दौरान सभी मदिरा दुकानों को बंद रखा जाएगा। आबकारी विभाग की टीमों द्वारा कच्ची बस्तियों में मदिरा वितरण पर भी सतत निगरानी की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारी की गई है। मतदान दिवस पर मतदान केंद्रों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बल और पुलिस कर्मियों की तैनाती की समीक्षा की गई। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि क्षेत्र में एफएसटी और एसएसटी लगातार सक्रिय हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में चैक पोस्ट और नाकों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126(1)(बी) के अनुसार टेलीविजन, सिनेमैटोग्राफ या किसी अन्य माध्यम से किसी भी चुनावी सामग्री का प्रदर्शन मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व तक प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही प्रिंट मीडिया में 10 और 11 नवम्बर को प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का प्रकाशन केवल पूर्व-अधिप्रमाणन के बाद ही किया जा सकेगा।

मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अंता उपखंड मुख्यालय में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पीले चावल और आमंत्रण पत्र वितरित किए। व्यापारियों और नागरिकों से मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान करने की अपील की गई। मतदान केंद्रों पर छाया, शीतल जल और दिव्यांगजन व बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि मतदान उत्सव के रूप में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। बाहरी राजनीतिक हस्तियों पर रोक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक निगरानी इस उपचुनाव को सुचारू और सुरक्षित बनाने की दिशा में अहम कदम है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story