कोटा। अकलंक महाविद्यालय में बुधवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘अभिनंदन–2025’ उत्साह, उल्लास और उमंग से परिपूर्ण रही। पारंपरिक विधि से आरंभ हुए इस भव्य आयोजन ने नवागंतुकों के चेहरों पर मुस्कान और आत्मविश्वास की नई चमक बिखेर दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने नवकार मंत्र, विश्वाम्बरी और शिव स्तुति के माध्यम से अपनी भक्ति और कृतज्ञता व्यक्त की। मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें स्वागत नृत्य, फ्यूजन डांस, हॉरर डांस और फ्रेशर्स डांस जैसी प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण बनीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विजय पंचोली, संभागीय सहायक निदेशक (कॉलेज एजुकेशन) उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. जॉली भंडारी, सहायक कुलसचिव (कोटा विश्वविद्यालय) तथा अमित शर्मा, प्राचार्य (माहेश्वरी पब्लिक स्कूल) शामिल थे। अकलंक विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष बज और सचिव अविनाश जैन ने अतिथियों का उपर्णा पहनाकर स्वागत किया तथा विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अध्यक्ष पीयूष बज ने अपने संबोधन में कहा कि अकलंक महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध रहा है। यहां शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय कर विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में अग्रसर होने की प्रेरणा दी जाती है। सचिव अविनाश जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में अनुशासन को सफलता की पहली सीढ़ी बताते हुए विद्यार्थियों को ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास और शालीनता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल द्वारा खुशी तंवर को मिस फ्रेशर्स और जयवर्धन को मिस्टर फ्रेशर्स के खिताब से सम्मानित किया गया।

राजस्थान के उभरते लोक कलाकार विकास सोनी ने भवई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से समारोह में पारंपरिक रंग भर दिया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष (ड्रॉइंग एंड पेंटिंग) अविनाश शर्मा ने कुशलता से किया। समापन अवसर पर उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

अकलंक महाविद्यालय का यह आयोजन न केवल एक स्वागत समारोह था, बल्कि एक नई शुरुआत का उत्सव भी — जहां शिक्षा, संस्कृति और सौहार्द की त्रिवेणी ने मिलकर नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए यादगार क्षणों का सृजन किया।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story