शुद्ध आहार पर मिलावट का वार: टोंक में चिकित्सा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 373 लीटर रिफाइंड मूंगफली तेल सीज
टोंक में “शुद्ध आहार — मिलावट पर वार” अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई। सुभाष बाजार स्थित गोदाम पर छापा मारकर 373 लीटर संदिग्ध रिफाइंड मूंगफली तेल सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने FSSA अधिनियम के तहत नमूने जांच के लिए भेजे।

टोंक, (कमलेश सैनी)।
शादियों के सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने “शुद्ध आहार — मिलावट पर वार” अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर टोंक शहर में खाद्य सुरक्षा टीम ने छापा मारकर 373 लीटर संदिग्ध रिफाइंड मूंगफली तेल को सीज कर लिया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला और जिला कलक्टर श्रीमती कल्पना अग्रवाल के आदेशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी के निर्देशन में गठित टीम ने शुक्रवार को यह कार्यवाही की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने सुभाष बाजार स्थित कैलाश चंद सुरेश कुमार जैन के गोदाम पर छापा मारा।
कार्यवाही के दौरान वहां ‘सुपर पोस्टमैन ब्रांड’ के रिफाइंड मूंगफली तेल के कई डिब्बे पाए गए। नमूना जांच के लिए लैब में भेजा गया, जबकि शेष लगभग 373 लीटर तेल को जांच रिपोर्ट आने तक नियमानुसार सीज कर विक्रेता की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कदम खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSA) के तहत उठाया गया है, क्योंकि तेल में मिलावट की आशंका जताई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद दोष सिद्ध होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि शादी के सीजन में मिलावटखोरी की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए अभियान के तहत लगातार बाजारों, गोदामों और खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लिए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें, ताकि मिलावटखोरों पर अंकुश लगाया जा सके।
इस कार्रवाई से न केवल शहर के खाद्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, बल्कि उपभोक्ताओं में भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश गया है।
- शुद्ध आहार मिलावट पर वारटोंक खाद्य सुरक्षा अभियानरिफाइंड मूंगफली तेल सीजसुपर पोस्टमैन ब्रांड तेलटोंक स्वास्थ्य विभाग छापाखाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जरमुख्य चिकित्सा अधिकारी टोंककल्पना अग्रवाल टोंकटी शुभमंगला आयुक्तमिलावटखोरी पर कार्रवाईFSSA Act Action Tonkadulteration raid Tonkpeanut oil seized Tonkhealth department raid RajasthanFood Safety Tonk News

