कोटा, 4 नवम्बर।

लोकतंत्र के महापर्व को सुदृढ़ आधार देने की दिशा में कोटा जिले में मंगलवार से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरने की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पीयूष समारिया ने मंगलवार को लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों — ताथेड़, नया नोहरा और बोरखेड़ा — में पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से संवाद किया और आम नागरिकों से बातचीत कर कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया। श्री समारिया ने कहा कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र नाम सूची में शामिल न हो।

उन्होंने बताया कि बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित कर रहे हैं, जिनमें मतदाता का नाम, ईपिक नंबर, पता, भाग और क्रमांक जैसी मूलभूत जानकारियां पहले से दर्ज हैं। अब मतदाताओं को केवल जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), माता-पिता के नाम, मोबाइल नंबर और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो जोड़नी होगी। यह प्रपत्र पहले से अधिक सरल बनाया गया है और एक ही पृष्ठ में सभी सूचनाएं समाहित की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे विगत एसआईआर सूची से मैपिंग हेतु आवश्यक विवरण बीएलओ को उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियों को सावधानीपूर्वक भरकर जमा करें। भरे हुए प्रपत्र की एक प्रति मतदाता अपने पास रसीद के रूप में सुरक्षित रखें।

हेल्प डेस्क और वॉलंटियर सहायता शुरू

कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु जिलेभर में हेल्प डेस्क और वॉलंटियर सेवा भी शुरू की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। वहीं, वृद्ध, बीमार और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए वॉलंटियर तैनात किए गए हैं जो उन्हें प्रपत्र भरने और जमा करने में मदद कर रहे हैं।

महिला बंदियों के लिए विधिक सहायता शिविर

इसी क्रम में विधिक चेतना सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को कोटा के केंद्रीय कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सत्यनारायण व्यास और सचिव गीता चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 35 महिला बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत, अपील और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।

चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल भुवनेश कुमार शर्मा और सहायक काउंसिल स्वाति जैन ने महिला बंदियों से संवाद करते हुए उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बंदियों के मामलों की स्थिति समझकर आगामी विधिक कार्यवाही की रूपरेखा पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान महिला जेल प्रभारी फरजाना ने भी बंदियों को उनके मामलों की प्रगति रिपोर्ट और अधिवक्ताओं से संबंधित जानकारी साझा की।

शिविर में महिला जेल स्टाफ ने सक्रिय सहयोग दिया। यह पहल न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है, जिससे महिला बंदियों में विधिक जागरूकता और आत्मविश्वास दोनों बढ़ रहे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story