पाली (राजस्थान)।

पाली जिले में बुधवार सुबह बायवर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-162 पर हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे ने सभी को झकझोर दिया। गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के किरवा गांव के पास अचानक सड़क पर आए एक जानवर से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे मिनी ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई, जिसमें सवार एक युवक जिंदा जलकर राख हो गया।

घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। गुड़ा एंदला थाना प्रभारी घेवरराम डांगी ने बताया कि पाली से सुमेरपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो के सामने अचानक एक जानवर आ गया, जिससे चालक ने ब्रेक लगाए और गाड़ी बेकाबू होकर दूसरी दिशा में जा पहुंची। सामने से आ रहे मिनी ट्रक से टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पलट गई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अंदर बैठे युवक की मौत हो चुकी थी।

वहीं, मिनी ट्रक का चालक हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी निवासी रवि जाट (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। ट्रक में उसके साथ बैठे भादरा कस्बे के निवासी जगदीश बाल-बाल बच गए। उन्होंने बताया कि ट्रक पंजाब से मुंबई दवाइयों का कंसाइनमेंट लेकर जा रहा था, जब यह हादसा हुआ।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्कॉर्पियो में फंसे शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर जल्द ही सुचारू कर दिया।

गुड़ा एंदला का यह हादसा फिर से उस खतरे की ओर इशारा करता है, जो राष्ट्रीय राजमार्गों पर अचानक जानवरों के आने से उत्पन्न होता है। पुलिस अब वाहन और मृतक की पहचान के साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story