करौली जिले के हिण्डौन सिटी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा उस वक्त हो गया जब स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। तेज़ रफ्तार में दौड़ रही सर्वोदय स्कूल की बस महवा रोड पर वृंदावन रिसॉर्ट के सामने अचानक नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब 40 बच्चों को चोटें आईं। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, बस्ते और किताबें सड़क पर बिखर गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पलटते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और घायल बच्चों को बाहर निकाला। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल प्रबंधन व शिक्षक गंभीर रूप से घायल बच्चों को अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे स्कूल परिसर ले गए। अभिभावकों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्कूल परिसर में पहुंचकर जोरदार विरोध जताया। सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल हिण्डौन सिटी भेजा गया, जहाँ लगभग 10 बच्चों का उपचार जारी है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह हादसा निजी स्कूल बसों की लापरवाही और परिवहन विभाग की ढिलाई का परिणाम है। बताया जा रहा है कि विगत सप्ताह ही जिला स्तर पर बालवाहिनियों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन व निजी स्कूल संचालकों की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में बसों की नियमित जांच, चालक-परिचालक की योग्यता और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी सख्त हिदायतें दी गई थीं। बावजूद इसके, सर्वोदय स्कूल की बस तेज़ रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे का शिकार हो गई।

नई मंडी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। जिला प्रशासन ने भी इस पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट तलब की है और जांच के आदेश दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने जिला परिवहन विभाग पर आरोप लगाया है कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर बिना उचित निरीक्षण के बालवाहिनियों की फिटनेस प्रमाणित कर रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।

यह दर्दनाक घटना न केवल स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि प्रशासनिक ढिलाई पर भी सवाल उठाती है। हादसे के बाद जिलेभर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता और बहस शुरू हो गई है।

Updated On
Rajendra Kumbhakar, Karauli

Rajendra Kumbhakar, Karauli

नाम: राजेन्द्र प्रसाद कुम्भाकर

वर्तमान पद: करौली जिला रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: करौली जिला मुख्यालय, हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम, और मंडरायल (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासनिक खबरें, राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, और शिक्षा

परिचय 

राजेन्द्र प्रसाद कुंभकार राजस्थान के करौली जिले के जिला रिपोर्टर हैं। वह पिछले 6 महीने से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। वह मुख्य रूप से करौली जिला मुख्यालय की प्रशासनिक खबरों के साथ-साथ पूरे जिले के अंतर्गत आने वाले हिण्डौन सिटी, सपोटरा, टोडाभीम और मंडरायल क्षेत्रों की राजनीतिक, आपराधिक, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव । 'प्रातःकाल' से जुड़ने से पहले वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों, डिजिटल ऐप्स और समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं:

  • टीएनआई आवाज
  • समाचार प्लस
  • न्यूज भारत
  • दैनिक भास्कर डिजिटल
  • पब्लिक एप
  • शुरू एप
  • करौली नायक (दैनिक समाचार पत्र)
  • राजस्थान की राजनीति (दैनिक समाचार पत्र)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story