उदयपुर जिले के कुराबड़ क्षेत्र में शनिवार को एक भयावह घटना ने लोगों की सांसें रोक दी। लालपुरा ग्राम पंचायत के आडातलाई फले में पैंथर अचानक एक घर में घुस गया और महिला व उसके तीन वर्षीय पुत्र पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और दरवाजे पर कुण्डी लगा दी, जिससे पैंथर घर के अंदर ही कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार, बेमला गांव के आडातलाई क्षेत्र में 27 वर्षीय मंजू पत्नी ब्रदीलाल मीणा अपने डेढ़ माह की बच्ची और तीन वर्षीय पुत्र रोहित के साथ सो रही थीं। अचानक पैंथर महिला पर हमला करने आया, जिससे वह घबरा गई और अपनी नवजात बच्ची को पहले बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। बाद में वह अपने पुत्र को बचाने घर के अंदर गई, तभी पैंथर ने उन दोनों पर हमला कर दिया।

महिला की सूझबूझ और साहस के कारण वह दोनों बच्चों को बाहर निकालने में सफल रही और घर के दरवाजे पर कुण्डी लगा दी। यह दृश्य तीन घंटे तक जारी रहा, जब तक कि वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीण भी घर के बाहर जमा होकर घटना का नजारा देख रहे थे।

इसके बाद पैंथर लकड़ी के दरवाजे का निचला हिस्सा तोड़कर बाहर निकल गया और समीप के फार्म हाउस में प्रवेश कर गया। वहां के टीनशेड वाले भवन में पैंथर को बाहर से बंद कर दिया गया। उदयपुर से आई रेस्क्यू टीम ने पैंथर को सुरक्षित पिंजरे में डालकर उदयपुर ले जाया, जहां बाद में वन विभाग ने उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के संबंध में बेमला सरपंच भरत मीणा ने कुराबड़ थाने एवं वन विभाग को तुरंत सूचना दी, जिसके बाद पुलिस जाप्ता और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक उपचार के बाद घायल महिला और बच्चे को उदयपुर रेफर किया गया।

इस घटना ने न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा चिंता को बढ़ाया, बल्कि वन्य जीवन और मानव बस्तियों के बीच बढ़ती टकराहट की गंभीरता को भी उजागर किया। घटना के बाद अधिकारियों ने इस तरह की परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहने और नागरिकों को सावधानी बरतने की अपील की।

Updated On
Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story