बांसवाड़ा। शहर के जेल रोड क्षेत्र में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक नाना ने अपने तीन साल के मासूम दोहिते की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हमले में मासूम की मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस निर्मम कृत्य के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।

कोतवाली थानाधिकारी रूप सिंह ने बताया कि शाम को सूचना मिली कि आरोपी शौकत ने अपनी बेटी काजल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है, जिसमें उसके तीन वर्षीय बेटे अरबाज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई—एक दल ने एमजी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया, जबकि दूसरी टीम आरोपी शौकत की तलाश में जुट गई। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोपहर में शौकत का अपने पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी कुरैशी ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन शौकत ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इसके बाद परिजनों ने कुरैशी का इलाज करवाकर उसे घर ले गए। जब बेटी काजल को घटना की जानकारी मिली, तो वह पिता को समझाने पीहर पहुंची। तभी शौकत ने काजल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, काजल के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, मासूम अरबाज की मौत के संबंध में यह संभावना जताई जा रही है कि या तो शौकत ने उसे कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से मारा या जोर से धक्का दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।

इस घटना ने पूरे बांसवाड़ा शहर को झकझोर कर रख दिया है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस निर्मम घटना से सन्न हैं। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story