वल्लभनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मेवाड़ क्षेत्र में युवा पाटीदार संगठन ने एक ऐतिहासिक और विशाल वाहन रैली का आयोजन किया, जिसने पूरे क्षेत्र में एकता और उत्साह का वातावरण बना दिया। यह रैली कानोड़ तहसील क्षेत्र के बड़ा राजपुरा गांव स्थित पाटीदार समाज मेवाड़ की कुलदेवी मां अम्बे माता मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई।

रैली में सैकड़ों वाहनों का काफिला जय सरदार और जय पाटीदार के गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ा। रैली का मार्ग कानोड़ शहर के जम्बू चौक, बस स्टैंड, कोर्ट चौराया, रेल्वे स्टेशन, नया राजपुरा, सरवानिया, अरनिया होते हुए डुंगला कस्बे तक रहा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों ने पुष्प वर्षा कर और भव्य आतिशबाजी के माध्यम से रैली का स्वागत किया।

रैली का समापन डुंगला क्षेत्र के देवली स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में हुआ, जहां समाजजनों ने सरदार पटेल की जयंती पर आम सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल और मां अम्बे की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पंचायत समिति सदस्य भीमराज पाटीदार रहे, जबकि अध्यक्षता समाज अध्यक्ष बगदीराम पाटीदार ने की।

विशिष्ट अतिथियों में पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजमल पाटीदार, पूर्व अध्यक्ष हजारीलाल पाटीदार, पूर्व सरपंच अंबालाल पाटीदार, राधाकिशन कुलमी, खेल मंत्री प्रकाश पाटीदार, बाबूलाल पाटीदार, हर्षवर्धन दवे, और रघुवीर सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से साफा, माला और उपरना पहनाकर सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि भीमराज पाटीदार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आज़ादी के बाद भारत की 550 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का सपना साकार किया। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। समाज अध्यक्ष बगदीराम पाटीदार ने कहा कि आजादी के आंदोलन और स्वतंत्र भारत के मानचित्र के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका अमिट रही है।

कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर लाल कुलमी (नया राजपुरा) ने किया। इस अवसर पर चंपा लाल पाटीदार, विक्रम पटेल, शेरू पाटीदार, धनराज पटेल, गणपत पाटीदार, भरत पाटीदार, राहुल पटेल, कैलाश पाटीदार, कमलेश पाटीदार, बबलू पटेल सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान कानोड़ और डुंगला थानों से पुलिस जाब्ता सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा। यह आयोजन न केवल समाज की एकता और संगठन शक्ति का प्रतीक बना, बल्कि सरदार पटेल के आदर्शों और उनके द्वारा स्थापित राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी पुनः जीवंत कर गया।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story