गुरु नानक जयंती पर कोटा में सजेगा भव्य दीवान, हजारों श्रद्धालु चखेंगे गुरु का लंगर
कोटा में श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व भव्य रूप से मनाया जा रहा है। खुले पंडाल में कीर्तन, कथा, रक्तदान और लंगर का आयोजन होगा, जिसमें 25 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होकर गुरु वाणी और सेवा भावना में लीन होंगे।

कोटा।
“सो सतगुर प्यारा मेरे नाल है, जीथे किथे मैनू ले छड़ाई…” — इन पंक्तियों की गूंज आज कोटा शहर में गहराई से महसूस होगी, जब श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन (रजि.) के तत्वावधान में साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 556वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। पूरा परिसर आज दिव्यता, शांति और सेवा की भावना से आलोकित रहेगा।
श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह माखीजा ने बताया कि सिख धर्म के संस्थापक और मानवता के महान उपदेशक गुरु नानक देव जी का यह प्रकाश गुरुपर्व हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह 4 बजे श्री सुखमनी साहिब और नितनेम के पाठ से दिन का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 6.30 बजे आसा की वार आरंभ होगी और 8 बजे अखण्ड पाठ साहिब की समाप्ति के साथ श्रद्धालु गुरु वाणी के अमृत रस में डूब जाएंगे।
दोपहर 2 बजे तक खुले पंडाल में कीर्तन, कथा और गुरुमत विचारों का आयोजन होगा, जिसमें हजूरी रागी भाई जसवीर सिंह जी (श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन), भाई सिमरप्रीत सिंह जी (श्री दरबार साहिब, अमृतसर) तथा प्रचारक सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह जी (हेड ग्रंथी, श्री दरबार साहिब अमृतसर) अपनी अमृतमयी वाणी से संगत को निहाल करेंगे। रात्रिकालीन दीवान 7 बजे से मध्यरात्रि तक सजेगा, जिसमें दूर-दूर से आने वाली संगत मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेगी।
गुरु का अटूट लंगर सुबह 11 बजे से आरंभ होगा, जिसमें अनुमानित 25 से 30 हजार श्रद्धालु विभिन्न समाजों से शामिल होकर एकता, सेवा और प्रेम का स्वाद चखेंगे। लंगर की तैयारी में सेवाभावी संगत ने कई दिन पहले से अपनी सेवा प्रारंभ कर दी है।
गुरुद्वारा प्रबंधक अमरप्रीत सिंह माखीजा ने बताया कि मंगलवार को भी दिनभर कीर्तन और दीवान के कार्यक्रम हुए, जिनमें श्रद्धालुओं ने “हर की वड़ियायी देखो संतो हर निमान मान दिलावे...” और “तेरे कवन कवन गुण कह-कह गावा तू साहिब गुणी निधाना...” जैसे शबदों से वातावरण को भक्ति रस में रंग दिया।
गुरु नानक जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर और नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के प्रमुख चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इस पवित्र अवसर पर कोटा ही नहीं, आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में संगत शामिल होकर गुरु नानक देव जी के उपदेश—समानता, सेवा और सत्य की भावना को नमन करेगी।
गुरुपर्व का यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और मानवता के संदेश को जीवंत करने का अवसर भी है।
- "गुरु नानक जयंती कोटागुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन556वां प्रकाश पर्वश्री गुरु नानक देव जीगुरु पर्व उत्सवकोटा धार्मिक आयोजनसिख समाज कोटागुरु का लंगर कोटाअमरजीत सिंह माखीजाअमरप्रीत सिंह मखीजारागी जत्था अमृतसरदरबार साहिब अमृतसरसुखमनी साहिब पाठ कोटारक्तदान शिविर कोटागुरुद्वारा कोटा आयोजनGuru Nanak Jayanti KotaGuru Singh Sabha Kota Junction556th Prakash ParvGuru Nanak Dev Ji celebrationsSikh Festival KotaGuru ka Langar KotaAmritsar RagisReligious event KotaBlood donation camp Kota"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
