माउंट आबू। राजस्थान के विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय ‘रन फॉर राजस्थान’ कार्यक्रम का आयोजन माउंट आबू में किया जा रहा है। इस आयोजन की शुरुआत शुक्रवार को नक्की झील स्थित भारत माता नमन स्थल से होगी, जहां से प्रतिभागी उत्साह और जोश के साथ दौड़ का शुभारंभ करेंगे।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी और आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया विशेष रूप से शामिल होंगे। प्रशासनिक स्तर पर सिरोही जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया सहित जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी आयोजन में मौजूद रहेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और महत्व और अधिक बढ़ेगा।

आयोजन के दौरान माउंट आबू के पोलो ग्राउंड में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति और युवा प्रतिभा का जीवंत प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी कार्यक्रम में भाग लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘विकसित राजस्थान’ की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य के विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला स्तरीय ‘रन फॉर राजस्थान’ न केवल खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देगा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और विकास के संकल्प को भी सशक्त रूप से रेखांकित करेगा।

Next Story