सवाई माधोपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 31 अक्टूबर को “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर सवाई माधोपुर में “सरदार/150 एकता मार्च” और “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य देश में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश प्रसारित करना है।

जिला कलक्टर काना राम ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे पुलिस लाइन सवाई माधोपुर से होगी। इस दौरान अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक एक साथ “राष्ट्रीय एकता दिवस” की शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ के पश्चात सुबह 7:20 बजे “रन फॉर यूनिटी” की शुरुआत पुलिस लाइन से होगी, जो कलेक्ट्रेट, डॉ. भीमराव आंबेडकर सर्किल, पुरानी ट्रक यूनियन से होते हुए पुनः पुलिस लाइन में संपन्न होगी।

कार्यक्रम के अगले चरण में सुबह 8:30 बजे पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनिवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में जवानों की संपर्क सभा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात 9 बजे स्वास्थ्य जांच शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुलिस कर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक भाग लेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। कलेक्टर काना राम ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता और अखंडता की डोर में बांधने का जो कार्य किया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। “एकता मार्च” और “रन फॉर यूनिटी” का उद्देश्य उसी भावना को पुनर्जीवित करना है, जिससे भारत एकजुट और सशक्त बना रहे।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story