नोहर, 2 नवम्बर। नोहर तहसील के गांव थिराना में स्थित श्री बालाजी मंदिर में शनिवार रात भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर के 19वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर स्वर्गीय श्री सूरजमल नाहटा परिवार की ओर से विशाल जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

जागरण की शुरुआत श्री बालाजी महाराज के भव्य दरबार की आरती और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद दिल्ली और जोधपुर से पधारे प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियाँ दीं। श्री बालाजी महाराज, भगवान शंकर और माता दुर्गा के मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को अलौकिक भक्ति रस से सराबोर कर दिया। झाँकियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया, वहीं देर रात तक श्रद्धालु भजनों की धुनों पर झूमते नजर आए।





आयोजक सुनील नाहटा ने बताया कि मंदिर के वार्षिकोत्सव पर प्रतिवर्ष भव्य जागरण का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गाँवों सहित दूरदराज़ से श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। इस वर्ष भी आयोजन में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

इस अवसर पर नाहटा परिवार द्वारा गांव में करवाए गए विकास कार्यों के लिए स्थानीय संस्थाओं की ओर से परिवार का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विधायक अमित चाचाण, छोटूलाल कोठारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद छोटु सेवग, संजय नाहटा, हंसराज नाहटा, विनोद नाहटा, अनिल नाहटा, पूर्व उपप्रधान रामकुमार स्वामी, भाजपा नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी, हरि मित्रुका, स्टेशन अधीक्षक सुशील आचार्य, बालकृष्ण व्यास, पवन सांखी, अमित भूकरकेवाला, सुमित चाचाण, हेमंत चाचाण, मुरली अग्रवाल, अनिल सरिया और राजेश जैन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

मंदिर परिसर में पूरी रात गूंजते रहे भजनों और जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समापन पर श्रद्धालुओं ने श्री बालाजी महाराज के दर्शन कर मनौतियाँ मांगीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर गांववासियों ने नाहटा परिवार के सतत सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें थिराना की आस्था और सेवा भावना का प्रतीक बताया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story