झालावाड़। जिले में संगठित अपराध और हनीट्रैप के जाल को अंजाम देने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हेमराज सुमन के गिरोह पर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह की एक महिला सदस्य ज्योति उर्फ जाह्नवी को गिरफ्तार कर लिया है, जो झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख 98 हजार रुपये की वसूली के प्रकरण में शामिल थी। इस गिरफ्तारी के साथ अब तक इस गैंग के 18 सदस्य सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं, जबकि चार कारें और एक ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं।

झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि थाना कोतवाली पुलिस ने हाल ही में हिस्ट्रीशीटर हेमराज सुमन निवासी सारोला द्वारा संचालित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में गैंग की आपराधिक गतिविधियों का जाल खुलकर सामने आया। पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि गैंग लीडर हेमराज और उसकी महिला साथी ज्योति उर्फ जाह्नवी ने दो से तीन महीने पहले एक व्यक्ति को झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर 1.98 लाख रुपये हड़प लिए थे।

गैंग के विरुद्ध चल रही कार्रवाई के तहत अब तक 18 अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साथ ही गैंग द्वारा अवैध रूप से खुर्दबुर्द की गई चार कारें और एक ट्रैक्टर जब्त कर लिए गए हैं।

आपराधिक नेटवर्क और तरीका-ए-वारदात:

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हेमराज सुमन और उसके साथी ग्रामीण इलाकों के गरीब लोगों को अपने झांसे में लेकर उनकी जमीन पर लोन या फाइनेंस करवाकर नए ट्रैक्टर उठवाते थे। इसके बाद वे ट्रैक्टर की चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कराते और अपने साथियों के साथ मिलकर वाहनों को खुर्दबुर्द कर बीमा कंपनियों से क्लेम के रूप में रकम वसूल लेते थे। इतना ही नहीं, आरोपीगण अवैध बिक्री के लिए वाहन मालिकों के नाम से कूटरचित पावर ऑफ अटॉर्नी भी तैयार करते थे।

गिरोह की महिला सदस्याएं हनीट्रैप के माध्यम से लोगों को फंसाने में अहम भूमिका निभाती थीं। आरोपियों द्वारा पुलिस वर्दी और हथियारों का भय दिखाकर लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी। इस अवैध आय से हेमराज सुमन और उसके साथी विभिन्न स्थानों पर संपत्तियाँ खरीदने और अन्य धंधों में निवेश करने में भी सक्रिय पाए गए हैं।

पुलिस की सख्त निगरानी और SIT की जांच:

गैंग के व्यापक आपराधिक नेटवर्क को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह जांच चिरंजीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ के निर्देशन में, पुलिस उप अधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा के निकट पर्यवेक्षण में, तथा थाना कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।

झालावाड़ पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल संगठित अपराध के एक बड़े नेटवर्क को तोड़ा है, बल्कि उन हनीट्रैप गैंगों के खिलाफ भी सख्त संदेश दिया है जो सामाजिक विश्वास और कानून दोनों का दुरुपयोग कर अवैध लाभ अर्जित करते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story