प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 27 दिनों तक अवैध नंबर प्लेट, काली फिल्म और हूटर के खिलाफ सघन जांच की गई।

राजस्थान पुलिस ने 4 जून से 30 जून 2026 तक चलाए गए विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में यातायात नियमों के उल्लंघन पर व्यापक कार्रवाई करते हुए 2,12,313 मामलों में चालान किए। अभियान के अंतिम दिन 30 जून को भी रिकॉर्ड 11,388 चालान काटे गए, जिनमें काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई दर्ज की गई।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक यातायात श्री अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना, संशोधित वाहनों, अवैध हूटर, फ्लैशर, काली फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे उल्लंघनों पर कठोर कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना था। अभियान के अंतिम दिन भी प्रदेशभर में सघन प्रवर्तन कार्रवाई जारी रही।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 27 दिनों तक चले अभियान के दौरान 24,107 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (बॉडी/चेसिस) पाए गए। 17,755 वाहनों से अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर हटाए गए, जबकि 11,343 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी अवधि में 76,563 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई, 29,902 वाहनों पर नियम विरुद्ध लिखे गए अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह हटवाए गए तथा 52,643 वाहनों पर नियमों के विपरीत नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

अभियान के अंतिम दिन 30 जून को प्रदेशभर में कुल 11,388 यातायात नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई दर्ज की गई। इनमें 1,543 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 1,144 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर, 562 प्रेशर हॉर्न, 3,910 वाहनों पर काली फिल्म, 1,604 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा 2,625 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के मामलों में कार्रवाई की गई।

जिलावार आंकड़ों में अंतिम दिन अजमेर जिला 1,098 कार्रवाइयों के साथ पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहा। राजधानी क्षेत्र में जयपुर पश्चिम में 1,084 मामलों में चालान किए गए, जबकि जयपुर पूर्व में 820, जयपुर ग्रामीण में 551, जयपुर यातायात में 227, जयपुर दक्षिण में 51 तथा जयपुर उत्तर में 33 चालान दर्ज किए गए।

अन्य प्रमुख जिलों में भी पुलिस ने सघन कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ में 433, झुंझुनूं में 409, कोटपुतली-बहरोड़ में 358, जालोर में 351, कोटा शहर में 316, सवाई माधोपुर में 283, दौसा में 278, सलूम्बर में 251 तथा धौलपुर में 225 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि विशेष अभियान 30 जून को समाप्त होने के बावजूद सड़कों पर हुड़दंग मचाने, नियमों की अनदेखी करने तथा यातायात कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Updated On 1 July 2026 6:59 PM IST
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story