जयपुर, 28 अप्रैल। राजस्थान सरकार द्वारा किसानों के सर्वांगीण उत्थान और प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ आगामी 23 से 25 मई, 2026 तक भव्य 'ग्राम' (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। कृषि निवेश, नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसान समृद्धि के वैश्विक संगम वाली इस एग्रीटेक मीट की तैयारियों और जन-जागरूकता के उद्देश्य से प्रदेश भर में 'ग्राम रथ अभियान' का प्रभावी संचालन प्रारंभ हो गया है। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में यह आयोजन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सशक्त किसान, समृद्ध भारत' विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में राजस्थान सरकार का एक सशक्त कदम है। इसी कड़ी में 27 अप्रैल, 2026 से शुरू हुए 15 दिवसीय एलईडी मोबाइल वैन आधारित 'ग्राम रथ अभियान' के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सीधे ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाई जा रही है।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने इस अभियान की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जयपुर जिले की 10 प्रमुख ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों—बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा और झोटवाड़ा के 22 ब्लॉकों एवं 597 ग्राम पंचायतों में यह रथ निरंतर 15 दिनों तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में प्रवेश करते ही इन ग्राम रथों का जनप्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा अभूतपूर्व एवं भव्य स्वागत किया गया, जो ग्रामीणों के उत्साह को दर्शाता है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ग्राम रथों द्वारा प्रतिदिन 4 ग्राम पंचायतों के 5 से 6 चिन्हित स्थानों पर लगभग एक-एक घंटे के विशेष ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और 'ग्राम' आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है।

अभियान की विशिष्टता यह है कि उपखण्ड अधिकारियों द्वारा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार संचालित इन रथों में कला जत्था के स्थानीय कलाकार आंचलिक भाषा में रोचक तरीके से कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन सहित कुल 13 विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। कलाकारों की यह प्रभावी प्रस्तुति ग्रामीणों को न केवल शिक्षित कर रही है, बल्कि उन्हें जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में सक्रिय रूप से सम्मिलित होने के लिए प्रेरित भी कर रही है। लोकतांत्रिक भागीदारी को सुदृढ़ करने हेतु इन ग्राम रथों में 'सुझाव पेटिका' का विशेष प्रावधान किया गया है, जिसके माध्यम से स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याओं और बहुमूल्य सुझावों को सीधे राज्य सरकार तक प्रेषित कर रहे हैं। 'ग्राम-2026' का यह महाकुंभ प्रदेश के हजारों किसानों, पशुपालकों और निवेशकों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलने के साथ-साथ राजस्थान के कृषि परिदृश्य में एक क्रांतिकारी परिवर्तन का वाहक बनेगा।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story