विकास प्रदर्शनी और शहरी सेवा शिविर से योजनाओं की पहुंच को मिला नया विस्तार
केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

नगर परिषद परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास कार्य प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान प्रदर्शित मॉडलों और स्टॉलों का अवलोकन करते अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित तीन दिवसीय विकास कार्य प्रदर्शनी का शुक्रवार को नगर परिषद परिसर में शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी के साथ ही आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर का भी आगाज हुआ।
दोनों कार्यक्रमों का उद्घाटन भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया है। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा तैयार किया गया वन स्टॉप सेंटर का थ्री-डी मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
इसी क्रम में जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता, गुणवत्ता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को अधिकतम सेवाएं सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।
भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने कहा कि इस प्रकार के शिविर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं उत्सव जैन ने इसे जनसुविधाओं को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया। नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीणा ने जानकारी दी कि शिविर के माध्यम से नगर परिषद से संबंधित विभिन्न सेवाएं और योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सहायक जनसंपर्क अधिकारी नवधा परदेशी, महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याओं का समाधान किया तथा योजनाओं की जानकारी प्रदान की। वहीं विकास कार्य प्रदर्शनी में सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों से जुड़े आंकड़ों को भी प्रदर्शित किया गया है। नगर परिषद परिसर में आयोजित यह प्रदर्शनी 14 जून 2026 तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी, जहां नागरिक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
