सालमगढ़ में यूरिया का काला खेल उजागर: खाकी ने घेराबंदी कर पकड़ी खाद की खेप, दो तस्कर गिरफ्तार
प्रतापगढ़ के सालमगढ़ में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध यूरिया कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए 110 बैग खाद जब्त की है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पिकअप वाहन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानिए कैसे मागीलाल पन्नालाल जैन की दुकान से शुरू हुआ यह काला खेल पुलिस की चौकसी से पकड़ा गया।

सालमगढ़/प्रतापगढ़। किसानों के हक पर डाका डालने वाले खाद माफियाओं के विरुद्ध सालमगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। जिले में अवैध यूरिया की कालाबाजारी की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर यूरिया से लदी एक पिकअप को जब्त किया है, जिसमें अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 110 बैग बरामद किए गए। इस सनसनीखेज कार्रवाई ने क्षेत्र के खाद माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के कड़े तेवरों के बाद जिला स्पेशल टीम (DST) और सालमगढ़ पुलिस ने इस संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम देकर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक कुमार की टीम को 16 जनवरी 2026 को एक पुख्ता इनपुट मिला था। सूचना थी कि सालमगढ़ से यूरिया की एक बड़ी खेप अवैध रूप से घाटोल की ओर भेजी जा रही है। समय रहते पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर सालमगढ़-घण्टाली मार्ग पर जाल बिछाया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन (आरजे-03-जीए-7027) आता दिखाई दिया, जिसे तिरपाल से बेहद चालाकी से ढका गया था। जब पुलिस ने वाहन को रुकवाकर तलाशी ली, तो उसमें इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) कंपनी के 'भारत यूरिया' के 110 बैग बरामद हुए।
वाहन चालक से जब यूरिया के वैध दस्तावेज या बिल मांगे गए, तो वह निरुत्तर हो गया। गहन पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह खाद सालमगढ़ स्थित 'मैसर्स डीलर मागीलाल पन्नालाल जैन (प्रवीण जैन)' की दुकान से अवैध रूप से लोड की गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक शंकर पिता धनजी और उसके साथी परिचालक गुलाब पिता हीरालाल गायरी, दोनों निवासी घाटोल, को गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए यूरिया को लैम्प्स सालमगढ़ के गोदाम में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अब इस पूरे रैकेट की जड़ों तक पहुँचने के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस के इस कड़े रुख ने साफ संदेश दिया है कि अन्नदाता के हिस्से की खाद को मुनाफाखोरी की भेंट चढ़ाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
