शहरी सेवा शिविर में पट्टों का वितरण, विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
छोटीसादड़ी में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 में विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए गए। शिविर में जनसुविधाओं और सरकारी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।

नगरपालिका परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर स्वास्थ्य जांच एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते विधायक श्रीचंद कृपलानी।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत सोमवार को नगरपालिका परिसर में आयोजित शिविर विकास, जनसुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं के समन्वय का केंद्र बना रहा। शिविर का निरीक्षण क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने विधायक श्रीचंद कृपलानी एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक कृपलानी ने नगरपालिका क्षेत्र में जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने वाले कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की स्थापना, शिव मंदिर के पास उद्यान में इंटरलॉकिंग कार्य, नगरपालिका परिसर में स्टोर हॉल निर्माण तथा नगरपालिका क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य शामिल रहे।
इसके साथ ही नगरपालिका परिसर स्थित स्टोर हॉल की प्रथम मंजिल पर आश्रय स्थल निर्माण तथा गोमाना दरवाजा के बाहर रेगर मोहल्ले में स्थित सामुदायिक भवन पर छत निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई और पात्र लाभार्थियों को नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति तथा स्टेट ग्रांट एक्ट की धारा 69-ए के अंतर्गत पट्टों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान धोलापानी दरवाजा से गोमाना दरवाजा तक 11 केवी विद्युत लाइन को भूमिगत कराने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक कृपलानी के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा विभागीय कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की।
आयोजित कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्वी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिमी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, जिला उपाध्यक्ष वरदीचंद धाकड़, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, प्रहलाद राय साहू, रामचंद्र माली, पूर्व मंडी अध्यक्ष विष्णुलाल पाटीदार, पूर्व मंडल अध्यक्ष डालचंद जणवा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगरपालिका एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
शहरी सेवा शिविर के माध्यम से विकास कार्यों के लोकार्पण, नए निर्माण कार्यों के शिलान्यास और विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने से स्थानीय नागरिकों को राहत मिली है। शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल तक पहुंचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
