प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर “रूपये डबल करने” के झांसे के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस थाना प्रतापगढ़ और डीएसटी टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारतीय बच्चों बैंक लिखी नकली नोटों की कुल छह गड्डियां जब्त की गई हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ गजेन्द्रसिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक बंजारा की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 दिसंबर, 2025 को कुन्दन सुधार निवासी अहिंसा नगर, प्रतापगढ़ ने थाना प्रतापगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर, 2025 को इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति ने संपर्क किया और रुपए डबल व ट्रिपल करने की स्कीम का लालच दिया। आरोपी ने 50 हजार रुपये लेकर 2 लाख रुपए देने का झांसा दिया और 20 दिसंबर, 2025 को जावद बस स्टैंड बुलाकर पैसे लेकर बिना नंबर की मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर मंदसौर, नीमच और जीरन क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश शुरू की। 30 दिसंबर, 2025 को नीमच बस स्टैंड से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कुन्दन सुधार से 50 हजार रुपये लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। तलाशी में उनके पास से 50-50 हजार रुपये के नकली नोटों की कुल छह गड्डियां बरामद हुईं, जिन पर “भारतीय बच्चों बैंक” लिखा था।

गिरफ्तार आरोपियों में धमेन्द्रसिंह उर्फ पिन्टू उर्फ कोहिनुर निवासी पालदरा खेड़ा, थाना जावद, जिला नीमच (मप्र) और घनश्याम उर्फ काना निवासी उदपुरा, थाना विजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। पुलिस ने नकली नोटों की गड्डियों को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रुपए डबल करने जैसे प्रलोभनों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। यह गिरफ्तारी उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है जो धोखाधड़ी के जरिए आम जनता को ठगने की कोशिश करते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story