प्रतापगढ़ जिले के चूपना स्थित मेवाड़-मालवा की सीमा पर बसे ऐतिहासिक एवं चमत्कारी सिद्ध श्री शौली हनुमान तीर्थ में नव निर्मित मंदिर की तृतीय वर्षगांठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। धार्मिक आयोजन में प्रदेश सहित आसपास के कई क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। जय श्रीराम और हनुमानजी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

मां अन्नपूर्णा शक्तिपीठ सांवलिया धाम के मधुसूदनानंद गिरी महाराज एवं पंचायती निरंजनी अखाड़ा के सान्निध्य में श्री सिद्ध जनकल्याण मंडल द्वारा जनकल्याण हितार्थ विशाल भंडारे एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद ध्वजारोहण एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। महाप्रसादी में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत पहुंचे। उनके आगमन पर प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। चूपना पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए थे, जहां ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

आयोजन में तिजारा विधायक एवं पूर्व सांसद बाबा बालकनाथ, राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, मध्यप्रदेश के कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। अतिथियों का मंदिर परिसर और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर साफा, माला एवं पुष्पहार पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, संकीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, भोजन, पार्किंग और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं।

श्री शौली हनुमान तीर्थ की तृतीय वर्षगांठ पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन आस्था, सामाजिक समरसता और जनकल्याण का बड़ा केंद्र बनकर उभरा, जिसमें प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने तीर्थ की बढ़ती धार्मिक महत्ता को और मजबूत किया।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story