सही खान-पान स्वस्थ राजस्थान: प्रतापगढ़ के स्कूलों में ईट राइट अभियान शुरू
3 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन, श्रीअन्न और खाद्य मिलावट से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

तस्वीर में स्कूल के कमरे में अधिकारी बच्चों को खान-पान के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत प्रतापगढ़ के स्कूलों में ईट राइट गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को सुरक्षित, पौष्टिक और मिलावट मुक्त भोजन के प्रति जागरूक किया गया। प्रदेशभर में 3 से 16 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत प्रतापगढ़ के स्वास्तिक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लोहार गली स्थित विद्यालय सहित अन्य स्कूलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को पौष्टिक टिफिन, स्वस्थ नाश्ते, श्रीअन्न के सेवन, हाथ धोने के सही तरीके और खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचाव के बारे में जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर मीणा और कल्पना पटेल की टीम ने विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसका लेबल पढ़ने, भोजन में नमक, तेल और चीनी की मात्रा कम रखने, सप्ताह में कम से कम तीन दिन श्रीअन्न का सेवन करने, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग या शारीरिक व्यायाम करने तथा भोजन को व्यर्थ नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।
अभियान के तहत 16 अक्टूबर तक स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य आमजन में सुरक्षित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
