रठांजना पुलिस ने जब्त किया 234 किलो डोडाचूरा, क्रेटा कार बरामद
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बरखेड़ा में दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार से 35 लाख रुपये मूल्य का 234 किलो 57 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया।

प्रतापगढ़ के रठांजना थाना क्षेत्र के बरखेड़ा कस्बे में दीवार से टकराई लावारिस क्रेटा कार से पुलिस टीम द्वारा बरामद किए गए अफीम डोडाचूरा के कट्टे।
प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत थाना रठांजना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 234 किलो 57 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान डोडाचूरा के अवैध परिवहन में प्रयुक्त एक हुंडई क्रेटा कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस नेतृत्व और मुखबिर की सूचना
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में संपन्न हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक गजेन्द्र सिंह राव का मार्गदर्शन रहा, जबकि थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धरातल पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, "4 मार्च 2026 को थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह मय जाप्ता गश्त के दौरान कस्बा रठांजना पहुंचे थे, जहां उन्हें मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक हुंडई क्रेटा कार अत्यंत तेज गति से बरखेड़ा की ओर गई है।"
दुर्घटनाग्रस्त कार से बरामदगी
मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम तत्काल बरखेड़ा पहुंची, तो वहां कस्बे में एक नोहरे की दीवार से टकराई हुई हुंडई क्रेटा कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी मिली। पुलिस टीम ने जब इस लावारिस संदिग्ध कार की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें 10 कट्टों में भरा कुल 234 किलो 57 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से डोडाचूरा और वाहन को जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
इस मामले में रठांजना थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस द्वारा अज्ञात तस्करों की सरगर्मी से तलाश जारी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह के साथ हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल सांवरमल, हेड कांस्टेबल नाथूलाल, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, कांस्टेबल भरत सिंह और महिला कांस्टेबल अनीता शामिल रहे।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
