भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई करते हुए छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के धौलापानी पुलिस थाने के थानाधिकारी प्रवीण कुमार चारण को 2.87 लाख रुपए की रिश्वत राशि के साथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

एसीबी टीम ने धौलापानी थानाधिकारी प्रवीण चारण को हाइवे पर रिश्वत राशि के साथ डिटेन किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस निरीक्षक के सरकारी आवास और क्वार्टर से भी नकदी बरामद की गई। एसीबी के अनुसार, थानाधिकारी ने बलात्कार के एक मामले में रियायत देने के बदले 2.87 लाख रुपए की रिश्वत ली थी।

मामले की सूचना परिवादी द्वारा एसीबी कार्यालय को दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर थाना अधिकारी को रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने मौके से रिश्वत राशि बरामद कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसीबी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर मुद्दे को उजागर कर दिया है। बलात्कार जैसे संवेदनशील मामले में रियायत देने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में थानाधिकारी की गिरफ्तारी को पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में एसीबी द्वारा विस्तृत जांच जारी है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story