WTO के वैश्विक मंच पर प्रतापगढ़ की ODOP थेवा कला का दम, जितेश सोनी ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
प्रतापगढ़ की ODOP थेवा कला ने WTO के वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई। जितेश सोनी ने भारत का प्रतिनिधित्व कर थेवा कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।

तस्वीर में बाएं से दाएं: अरिंदम बागची, राजेश अग्रवाल और सेंथिल पांडियन के समक्ष स्टॉल पर थेवा कला के उत्पाद प्रदर्शित करते जितेश सोनी।
प्रतापगढ़ की विश्वविख्यात ODOP थेवा कला ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धि हासिल की है। विश्व व्यापार संगठन (WTO) एवं परमानेंट मिशन ऑफ इंडिया (PMI), जेनेवा द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतापगढ़ थेवा कला विकास संस्थान के अध्यक्ष एवं युवा थेवा कलाकार जितेश सोनी ने भारत सरकार के चयनित प्रतिनिधि के रूप में भाग लेकर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व किया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची तथा WTO में भारत के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत सेंथिल पांडियन की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न देशों के WTO प्रतिनिधियों, राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों के समक्ष प्रतापगढ़ की पारंपरिक थेवा कला का प्रदर्शन किया गया।
विश्व के प्रतिष्ठित व्यापारिक मंच पर प्रतापगढ़ की ODOP थेवा कला की प्रस्तुति को राजस्थान और भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस अवसर ने भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य किया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जितेश सोनी भारतीय कला महोत्सव, हैदराबाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के समक्ष थेवा कला का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतापगढ़ का नाम रोशन कर चुके हैं। अब WTO के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भागीदारी के माध्यम से उन्होंने थेवा कला को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
यह उपलब्धि केवल एक कलाकार की सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतापगढ़ की थेवा कला, राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर और भारत की पारंपरिक शिल्पकला के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। आने वाले समय में यह उपलब्धि भारतीय हस्तशिल्प और स्थानीय कला को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई संभावनाएं प्रदान करने में सहायक साबित होगी।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
