प्रतापगढ़: नगर परिषद का झुका स्वागत बोर्ड बना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा
प्रतापगढ़ के बांसवाड़ा रोड पर नगर परिषद का झुका स्वागत बोर्ड राहगीरों, छात्रों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। स्थानीय निवासियों ने समय रहते सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, लेकिन नगर परिषद अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है।

प्रतापगढ़। शहर के बांसवाड़ा रोड पर स्थित कॉलेज और जिला अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग पर नगर परिषद का स्वागत बोर्ड इन दिनों गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में उभरा है। भारी-भरकम यह बोर्ड एक ओर झुका हुआ अवस्था में नजर आ रहा है, जिससे किसी भी समय हादसा हो सकता है। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा अभी तक इसे दुरुस्त कराने के कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि प्रतिदिन इस मार्ग से दर्जनों कॉलोनियों के लोग, महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं और जिला अस्पताल आने-जाने वाले मरीज गुजरते हैं। सुबह और शाम यातायात का दबाव अधिक होने के कारण दोपहिया वाहन, पैदल यात्री और छात्र सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। इसके अलावा, पास ही बांसवाड़ा–प्रतापगढ़ नेशनल हाईवे होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि तेज हवा, बारिश या हल्का सा झटका भी इस झुके हुए बोर्ड को गिरा सकता है, जिससे जान-माल का गंभीर नुकसान संभव है। खासकर छात्र-छात्राओं और राहगीरों के लिए यह झुका हुआ बोर्ड लगातार खतरे की चेतावनी बन चुका है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि संभावित हादसे से पहले स्वागत बोर्ड को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
स्थानीय निवासियों का सवाल है कि क्या नगर परिषद किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई करेगी या समय रहते जिम्मेदारी निभाएगी। यह घटना नगर परिषद की प्रशासनिक जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठाती है, विशेषकर उस मार्ग पर जहां प्रतिदिन भारी पैदल और वाहन यातायात रहता है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
