प्रतापगढ़ में तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: देवेल्दी में अवैध फार्म हाउस पर चला प्रशासन का बुलडोजर, करोड़ों का अतिक्रमण ध्वस्त
प्रतापगढ़ के देवेल्दी गांव में तस्कर भाइयों के अवैध फार्म हाउस पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर करोड़ों की चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाया। नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई से इलाके में सनसनी और खौफ का माहौल।

प्रतापगढ़ के अरनोद उपखंड क्षेत्र के देवेल्दी गांव में सोमवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में तस्कर भाइयों के अवैध फार्म हाउस को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त करती संयुक्त टीम।
प्रतापगढ़ जिले में नशा तस्करी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत सोमवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अरनोद उपखंड क्षेत्र के देवेल्दी गांव में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्कर भाइयों याकूब खान और जमशेद खान के अवैध फार्म हाउस पर बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटा दिया।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब जांच में यह स्पष्ट हुआ कि राजस्व ग्राम देवेल्दी में खसरा संख्या 260 की लगभग दो बीघा से अधिक चरागाह भूमि पर अवैध रूप से फार्म हाउस का निर्माण किया गया था। करोड़ों रुपये की लागत से विकसित इस परिसर में बने कमरे, बाउंड्री वॉल, गार्डन, लेट-बाथ सहित अन्य संरचनाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 91 के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आवश्यक न्यायिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। कानूनी औपचारिकताओं के बाद पुलिस की कड़ी निगरानी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी याकूब खान मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के चिकलाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में गिरफ्तार हो चुका है, जबकि उसका भाई जमशेद खान पिपलोदा क्षेत्र में इसी प्रकार के मामले में पकड़ा गया था। दोनों आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं और इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के निर्देशन में तस्करों और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। देवेल्दी में सरकारी चरागाह भूमि पर किए गए इस अवैध कब्जे को चिन्हित कर विधिसम्मत तरीके से हटाया गया।
गौरतलब है कि देवेल्दी गांव में तस्करों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी बुलडोजर कार्रवाई है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
