प्रतापगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतापगढ़ की ओर से स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाली बाल वाहिनियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुन्दर लाल खारोल ने जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के समन्वय से किया।

निरीक्षण के दौरान बाल वाहिनियों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों के निर्धारित पीले रंग, आगे और पीछे स्पष्ट एवं पठनीय रूप से "On School Duty" अंकित होने, दरवाजों की सुरक्षित लॉकिंग प्रणाली, वैधता अवधि वाले फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता तथा इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था का परीक्षण किया।

इसके साथ ही वाहन चालकों और सहायकों के वैध लाइसेंस एवं पहचान दस्तावेजों की जांच की गई। वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने सहित अन्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पर कुल 20 बाल वाहिनियों के चालान बनाए गए, जिन पर 80 हजार 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर 4 बाल वाहिनियों को जब्त किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुन्दर लाल खारोल ने वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा भविष्य में सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन विभाग प्रतापगढ़ के परिवहन निरीक्षक दुर्गा शंकर जाट तथा यातायात पुलिस प्रतापगढ़ के प्रभारी सलीम खान भी उपस्थित रहे। यह कार्रवाई स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों की पालना कराने के उद्देश्य से की गई।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story